Pilibhit News: साथियों संग नहाते वक्त नदी में डूबे किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीसलपुर, अमृत विचार। साथियों के साथ नहाने गए किशोर की नदी में डूबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की। हालांकि परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मची रही।

कोतवाली क्षेत्र के गांव भदारी के पूर्व प्रधान महेंद्र पाल का 14 वर्षीय पुत्र यशपाल अपने अन्य साथियों के साथ गांव के पीछे से गुजर रही कटना नदी में मंगलवार को नहाने गया था। नदी के किनारे पहुंच कर सभी नहाने लगे। इसी बीच यशपाल का पैर गड्ढा होने के चलते फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथियों ने शोर मचाया। इसके बाद घबराकर सभी घर आ गए। काफी देर बाद महेंद्र पाल ने जब अपने बेटे यशपाल के बारे में जानकारी की तो एक अन्य किशोर ने हादसे के बारे में बताया। 

इस पर परिवार वाले आनन-फानन में गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कटना नदी में डूबे यशपाल को बाहर निकाला। जिंदा होने की आस में परिजन सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर खंनका चौकी प्रभारी जयपाल सिंह पहुंच गए और जानकारी की। उन्होंने बताया कि परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। इस पर पंचनामा भरकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है।

संबंधित समाचार