Hardoi News: डेढ़ लाख रुपये नकद और लाखों के गहनों के साथ युवती लापता, शादी का झांसा देकर भगाने का केस दर्ज
डेढ़ लाख नकद और लाखों के गहने लेकर युवती लापता, शादी का झांसा देने वाले युवक पर केस दर्ज
हरदोई में 18 वर्षीय युवती घर से ₹1.50 लाख नकद और लाखों रुपये के जेवर लेकर लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर भगाने के आरोप में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस की मदद से तलाश शुरू कर दी है।
हरदोई। जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र से एक 18 वर्षीय युवती घर में रखे ₹1.50 लाख नकद और लाखों रुपये के जेवर लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 20 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे की है। बेनीगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों का आरोप है कि शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के गिगियानी गांव निवासी दौलतराम उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया।
परिजनों का कहना है कि युवती घर में रखे ₹1.50 लाख नकद के अलावा सोने का हार, मांग बेदी, एक जोड़ी झाले, दो जोड़ी पायल, कमर बिछुआ समेत लाखों रुपये के आभूषण भी अपने साथ ले गई।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी दौलतराम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
फिलहाल पुलिस सर्विलांस टीम की मदद से युवती और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें बरामद कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
Sitapur News: सिरकटी लाश का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमिका ने प्रेमी को बुलाकर कराई हत्या, हिरासत में चार आरोपी
