शिक्षा विभाग की ऑनलाइन बैठकों में अब नहीं चलेगी लापरवाही, BSA और एडी बेसिक की मौजूदगी होगी जरूरी
गैरहाजिरी पर वरिष्ठ अधिकारी को भेजना होगा, एक जिले से सिर्फ एक अधिकृत लॉगिन से होगी भागीदारी
बेसिक शिक्षा विभाग की ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अब अधिकारियों की गैरहाजिरी पर सख्ती होगी। बीएसए और सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। अनुपस्थित रहने पर वरिष्ठ अधिकारी को अधिकृत कर भेजना होगा।
लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग की ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अब अधिकारियों की लापरवाही पर लगाम लगाई जाएगी। निदेशालय स्तर से होने वाली हर ऑनलाइन बैठक में मंडल स्तर से सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जिला स्तर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इस संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, यदि किसी अपरिहार्य कारण से अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हो पाते हैं तो उन्हें अपने स्थान पर किसी वरिष्ठ अधीनस्थ अधिकारी को अधिकृत कर भेजना होगा।
बैठकों में कम भागीदारी पर विभाग सख्त
विभाग के अनुसार, कई ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सहभागिता नहीं मिल रही थी। कई बार बीएसए स्वयं बैठक में शामिल नहीं होते थे और न ही किसी अधिकृत अधिकारी को भेजा जाता था। इसे गंभीरता से लेते हुए अब अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
आधिकारिक ई-मेल आईडी से ही जुड़ना होगा
नए निर्देशों के तहत अधिकारी केवल अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी से ही ऑनलाइन बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा एक जिले या मंडल से केवल एक अधिकृत लॉगिन आईडी के माध्यम से ही भागीदारी की अनुमति होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन समीक्षा बैठकें अब सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं रहेंगी, बल्कि योजनाओं की निगरानी, प्रगति की समीक्षा और समयबद्ध निर्णयों के पालन का प्रभावी माध्यम बनाई जाएंगी।
