Rampur News : डॉ. तजीन बोलीं, जौहर विवि के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे
कमिश्नर कोर्ट ने फिलहाल अंतरिम राहत दे दी है, लेकिन लड़ाई अभी बाकी
सपा नेता आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर बड़ा बयान दिया है। आरडीए (RDA) की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर कमिश्नर कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि विवि और छात्रों के हित में यह लड़ाई आखिरी सांस तक जारी रहेगी।
रामपुर, अमृत विचार। सपा नेता आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट मोहम्मद अली जौहर विवि के लिए सोमवार राहत भरी खबर जरूर आई है, कमिश्नर कोर्ट ने फिलहाल आरडीए के 38 भवनों को ध्वस्तीकरण के आदेश पर रोक लगा दी है। हालांकि ये सूचना सोमवार शाम में मिली, इससे पहले सपाइयों ने प्रेसवार्ता कर जौहर विवि मुद्दे पर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। सपा नेता आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा बोलीं कि जौहर विवि के लिए आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ेंगे।
उन्होंने जेल रोड स्थित अपने आवास पर मीडिया से कहा कि विश्वविद्यालय की इमारतों को बचाने के लिए वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने आरडीए के 16 जुलाई को जारी जौहर विवि के 38 भवनों को अवैध बताने और ध्वस्तीकरण के आदेश को मनमाना और छात्र विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले में छात्रों के भविष्य और हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि जौहर विवि मामले में भारी समर्थन मिल रहा है। बोलीं कि वो प्रतिदिन जौहर विवि जाती हैं। वहां छात्र पिछले नौ दिनों से अनशन पर हैं और सोमवार को उनके अनशन का दसवां दिन था।
जौहर विवि को लेकर कहा कि उनके पास अभी भी कानूनी अधिकार हैं, जिनका उपयोग वे न्यायालय में अपनी बात रखने के लिए करेंगी। आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। जौहर विवि मामले में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने आरडीए की ओर से 16 जुलाई को विवि परिसर की 38 इमारतों के ध्वस्तीकरण के संबंध में नोटिस जारी किया था। इसी मामले में 28 जुलाई को मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई होनी थी, लेकिन एक दिन पहले ही मंडलायुक्त ने ध्वस्तीकरण मामले में आरडीए उपाध्यक्ष के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। मामले में अब सभी की निगाहें अगली तिथि पर होंगी। वहीं दसवें दिन जौहर विवि के मुख्यगेट पर धरना दे रहे छात्रों ने बताया कि जौहर विवि के ध्वस्तीकरण के आदेश पर फिलहाल रोक लगी है या नहीं इससे हमें कोई मतलब नहीं है। छात्र बोले कि वो मंगलवार को धरना खत्म करने को लेकर वार्ता कर फैसला लेंगे। सोमवार को पूरा दिन सपाइयों को जौहर विवि पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
ये भी पढ़ें - Rampur News : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी को बड़ी राहत, आरडीए के ध्वस्तीकरण आदेश पर कमिश्नर की रोक
