Who is Saransh Jain? घरेलू क्रिकेट के दम पर टीम इंडिया में मिली एंट्री, श्रीलंका दौरे पर वाशिंगटन सुंदर की भरेंगे कमी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

इंदौर के अनुभवी ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली। ऑफ स्पिन और निचले क्रम की बल्लेबाजी उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

डिजिटल डेस्कः भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम में एक नाम काफी चर्चा में है सारांश जैन, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने उन्हें ऐसे समय टीम में शामिल होने का मौका दिया है, जब वाशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए मौजूद नहीं थे।

कौन हैं सारांश जैन?

मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले सारांश जैन घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी ऑलराउंडर हैं। वह दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज है और साथ-साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं। लाल गेंद के क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है, जिसके दम पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है।

Saransh Jain (1)

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड

सारांश जैन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 54 मैचों की 97 पारियों में 188 विकेट हासिल किए हैं। बल्लेबाजी में भी उन्होंने 85 पारियों में 31 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं।

उनके नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2 शतक और 14 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जो उन्हें एक भरोसेमंद ऑलराउंडर बनाते हैं।

आईपीएल नहीं, घरेलू क्रिकेट से बनाई पहचान

सारांश जैन उन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने अपनी पहचान आईपीएल के दम पर नहीं बल्की घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के दम पर बनाई है। लंबे समय तक घरेलू स्तर पर मेहनत करने के बाद 33 वर्ष की उम्र में उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।

Saransh Jain

वाशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में मिला मौका

श्रीलंका दौरे के लिए चयनित टीम में वाशिंगटन सुंदर उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में चयनकर्ताओं ने ऑफ स्पिन विकल्प के रूप में सारांश जैन को शामिल किया है।

श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम ने चार स्पिनरों पर भरोसा जताया है। टीम में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और सारांश जैन को जगह मिली है। ऑफ स्पिनर के रूप में सारांश टीम के स्पिन आक्रमण को संतुलन प्रदान करेंगे।

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम

कप्तान: शुभमन गिल
उपकप्तान: केएल राहुल

टीम:
यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।

यह भी पढ़ेंः IND vs SL Test: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जडेजा-बुमराह की वापसी, सारांश जैन को पहली बार मिला मौका

संबंधित समाचार