IND vs SL Test: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जडेजा-बुमराह की वापसी, सारांश जैन को पहली बार मिला मौका
15 अगस्त से शुरू होगी भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज, शुभमन गिल फिर बने कप्तान, केएल राहुल उपकप्तान; बुमराह और साई सुदर्शन का चयन फिटनेस मंजूरी पर निर्भर।
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान कर दिया। 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस सीरीज में टीम इंडिया की कमान एक बार फिर शुभमन गिल के हाथों में रहेगी, जबकि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सारांश जैन को पहली बार मिला टेस्ट टीम में मौका
घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। यह चयन टीम का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे, जबकि बल्लेबाजी विभाग में यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को भी शामिल किया गया है।
ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार टीम का हिस्सा हैं।
https://twitter.com/BCCI/status/2081945448655536582?s=20
बुमराह और साई सुदर्शन का चयन फिटनेस पर निर्भर
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह करेंगे। उनके साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को भी टीम में जगह मिली है।
हालांकि, BCCI ने स्पष्ट किया है कि जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन का चयन फिटनेस मंजूरी के अधीन है। दोनों खिलाड़ी तभी उपलब्ध होंगे, जब उन्हें BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस क्लियरेंस मिल जाएगी।
वहीं, बोर्ड ने यह भी बताया कि वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया।
.png)
किन खिलाड़ियों की हुई वापसी?
भारत के पिछले टेस्ट मुकाबले की तुलना में इस बार टीम में कई बदलाव देखने को मिले हैं। रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे और वॉशिंगटन सुंदर इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं।
जडेजा ने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला पिछले वर्ष नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था और लंबे अंतराल के बाद उनकी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। हालांकि, बुमराह की अंतिम उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम
कप्तान: शुभमन गिल
उपकप्तान: केएल राहुल
टीम
यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।
साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह का चयन BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की फिटनेस मंजूरी मिलने पर ही प्रभावी होगा।
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज 2026 का शेड्यूल
| मैच | तारीख | स्थान |
|---|---|---|
| पहला टेस्ट | 15-20 अगस्त 2026 | गॉल |
| दूसरा टेस्ट | 23-27 अगस्त 2026 | कोलंबो |
