Stock Market Closed : ईरान-अमेरिका शांति समझौते से झूमा बाजार, निफ्टी 23,850 के पार ; सेंसेक्स 736 अंक उछला
मुंबई। ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की घोषणा के बाद लिवाली से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 736 अंक चढ़कर तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स 1,197 अंक की तेजी में खुला और कुछ ही देर में 1,293 अंक चढ़ गया था। बाद में इसकी बढ़त कुछ कम हुई और यह 736.38 अंक (0.97 प्रतिशत) ऊपर 76,264.33 अंक पर बंद हुआ जो 25 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 231 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,853.90 अंक पर रहा। यह 27 मई के बाद का इसका उच्चतम बंद स्तर है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बन गयी है। इसमें लेबनान सहित सभी मोर्चों पर हमले बंद करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की भी बात कही गयी है। समझौते पर 19 जून को स्विटजरलैंड में एक औपचारिक समारोह में हस्ताक्षर किये जायेंगे।
इस खबर के बाद दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी देखी गयी। वहीं, कच्चा तेल और अमेरिकी डॉलर दबाव में हैं। रुपये में भी आज मजबूती बनी हुई है। घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में प्रमुख सूचकांकों से ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.36 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.09 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। चौतरफा लिवाली के बीच रियल्टी सेक्टर का सूचकांक चार प्रतिशत से ज्यादा और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टर का करीब तीन प्रतिशत चढ़ा। ऑटो, वित्त, धातु और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी एक से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े।
एनएसई में जिन 3,453 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ उनमें से 2,510 के शेयर हरे निशान में और 830 के लाल निशान में रहे। अन्य 113 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 में तेजी रही। ट्रेंट का शेयर सबसे अधिक 5.35 प्रतिशत चढ़ गया। इंडिगो में 3.59 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 3.58, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.29, इटरनल में 3.26, मारुति सुजुकी में 3.25 और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.01 प्रतिशत की मजबूती देखी गयी।
एलएंडटी का शेयर 2.99 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 2.69, टाइटन का 2.27, इंफोसिस का1.68, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.11, भारती एयरटेल का 1.00, आईटीसी का 0.98 और एक्सिस बैंक का 0.93 प्रतिशत की बढ़त में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे। एनटीपीसी का शेयर 1.64 प्रतिशत टूट गया। आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स में भी गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 4.99 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.61 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.50 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.30 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.12 प्रतिशत चढ़ गया।
