NEET UG Exam : कड़ी सुरक्षा के बीच 22 लाख से अधिक उम्मीदवार नीट परीक्षा में हुए शामिल, अब रिजल्ट का इंतजार
नई दिल्ली। देश भर और विदेशों के कुछ केंद्रों पर रविवार को 22 लाख से अधिक उम्मीदवार नीट परीक्षा में शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा के सुचारू संचालन की समीक्षा के लिए दिल्ली के ओखला स्थित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के मुख्यालय का दौरा किया।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, एजेंसी के अधिकारियों ने मंत्री को परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए की गई तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। शिक्षा मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में प्रधान को एक नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करते हुए दिखाया गया, जहाँ कई बड़ी स्क्रीन पर देश भर के परीक्षा केंद्रों का सीधा प्रसारण दिख रहा था। यह निगरानी प्रणाली परीक्षा की निगरानी करने और गड़बड़ियों को रोकने के लिए बनाई गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा 95,000 से अधिक कमरों में आयोजित की गई थी, जिनमें से प्रत्येक में कैमरे लगे हुए थे। कुल 1,38,560 कैमरे लगाए गए थे, जिनकी सीधी निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जा रही थी। किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी को रोकने के लिए एजेंसी ने 51,311 सिग्नल रोकने वाले उपकरण (जैमर्स) भी लगाए थे। यह व्यापक सुरक्षा व्यवस्था राजस्थान में पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई को आयोजित परीक्षा के रद्द होने के कारण की गई थी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 12 मई को पुरानी परीक्षा रद्द कर दी थी और इसे 21 जून के लिए दोबारा तय किया था। जहाँ एक तरफ यह परीक्षा बिना किसी बड़ी बाधा के संपन्न हो गई, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व एक स्थानीय राजनीतिक दल के संस्थापक अभिजीत दिपके कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रदर्शन स्थल का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को दोहराया।
पुराना प्रश्न पत्र और ग्लू मिलने पर नीट अभ्यर्थी गिरफ्तार
वाराणसी : वाराणसी में रविवार को आयोजित नीट पुनर्परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी के अंत:वस्त्र से मोबाइल फोन सिम, नीट का पुराना प्रश्न पत्र और चिपकाने वाला पदार्थ (ग्लू) बरामद किये जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र परास्नातक महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले संदेह होने पर एक अभ्यर्थी की गहनता से तलाशी ली गई तो उसके अंत:वस्त्र में मोबाइल फोन सिम, नीट का पुराना प्रश्न पत्र और चिपकाने वाला पदार्थ बरामद किया गया।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गये छात्र की पहचान बलिया जिले के निवासी प्रिंस दुबे के रूप में हुई है। छात्र ने बताया है कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था और नीट की परीक्षा देने के लिये वाराणसी आया था। सूत्रों ने बताया कि दुबे से पूछताछ करके अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
