किसानों के लिए खुशखबरी : PM मोदी आज जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त, UP में 2.17 करोड़ से अधिक किसान होंगे लाभान्वित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से जारी करेंगे पीएम किसान सम्मान निधि
किसान सम्मान निधि से उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4352.40 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। यूपी के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की अब तक (22वीं किस्त) 99,032.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
लखनऊ, अमृत विचार: मोदी-योगी सरकार अन्नदाता किसान की समृद्धि को बढ़ा रही है। डबल इंजन सरकार खेत से लेकर किसानों के सम्मान तक निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त भेजेंगे। इससे उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4352.40 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
यूपी के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की अब तक (22वीं किस्त) 99,032.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। इसमें पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता वर्ष में तीन किस्त में प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2026 को असम से सम्मान निधि का लाभ किसानों को दिया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी।
झांसी में किसानों के बीच रहेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को झांसी में किसानों के बीच रहेंगे। वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण के दौरान रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रहेंगे। मुख्यमंत्री यूपीएग्रीज परियोजना खरीफ संस्करण का शुभारंभ भी करेंगे।
अब यह राशि होगी 103,391.24 करोड़ रुपये
वर्ष धनराशि
- 2018-19 2238.92 करोड़
- 2019-20 11006.87 करोड़
- 2020-21 14,432.14 करोड़
- 2021-22 15,775.52 करोड़
- 2022-23 12,454.32 करोड़
- 2023-24 13,808.48 करोड़
- 2024-25 15,594.74 करोड़
- 2025-26 13,727.85 करोड़
- 2026-27 (अप्रैल-जुलाई) 4352.40 करोड़ (यह राशि शनिवार 20 जून को खाते में भेजी जाएगी)
कुल- 1,03,391.24 करोड़ रुपये
