Kanpur News : जूही खलवा पुल के जलभराव में अब कोई नहीं डूबेगा, बनेगा रेलवे पुल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे से अफीमकोठी तक 424 करोड़ से होगा 820 मीटर लंबे टू-लेन पुल का निर्माण

कानपुर, अमृत विचार। जूही खलवा रेलवे अंडर पास मार्ग बारिश में जलभराव के कारण बंद किए जाने से उत्पन्न होने वाली यातायात की बड़ी समस्या का समाधान होने के साथ जलभराव में डूबकर होने वाली मौत की घटनाओं को भी रोका जा सकेगा। इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा से जूही खलवा पुल रेलवे लाइन के ऊपर से होते हुए अफीमकोठी तक पुल का निर्माण किया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी ने काफी दिनों से की जा रही इस पुल के निर्माण की परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल करते हुए शासन की वित्तीय कमेटी से अनुमोदन की तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पुल के लिए पहले ही मंजूरी प्रदान कर चुके हैं। 820 मीटर लंबे इस टू-लेन पुल को 424 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा।

जूही खलवा पुल के नीचे हल्की सी बारिश में पानी भर जाता है। इसके बाद रास्ता बंद होने से लोगों को 5 से 6 किमी का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। जलभराव के दौरान रेलवे लाइन पार करने या पुल के नीचे डूबकर अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

इस समस्या के साथ शहर के उत्तर और दक्षिण क्षेत्र को जोड़ने वाले इस कारोबारी मार्ग पर लोगों को व्यस्त समय में यातायात जाम का भी सामना करना पड़ता है। पहले सेतु निगम ने इस पुल का निर्माण करीब 226 करोड़ से करने का प्रस्ताव बनाया था। इस रेलवे पुल के निर्माण से ट्रांसपोर्ट नगर से होने वाले माल की आवाजाही में व्यापारियों को आसानी होगी, तो डिप्टी का पड़ाव, रायपुरवा, जरीबचौकी क्षेत्र को लोगों को बारादेवी, किदवई नगर, नौबस्ता आने-जाने के लिए ट्रैफिक में नहीं फंसना पड़ेगा।

संबंधित समाचार