Digital Labour Chowk App : श्रमिकों को रोजगार दिलाने के लिए डिजिटल लेबर चौक ऐप लांच, 10 करोड़ से अधिक वर्कर को मिलेगा लाभ
एक ही मंच पर जुड़ेंगे श्रमिक और नियोजक
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और श्रम बाजार को अधिक संगठित बनाने के लिए ‘डिजिटल लेबर चौक’ (डीएलसी) मोबाइल एप लॉन्च किया है। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग ने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को जनता को समर्पित किया।
उप्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (यूपीबीओसीडब्ल्यू) द्वारा विकसित यह एप श्रमिकों और नियोजकों को एक ही मंच पर जोड़ने का काम करेगा। इसके माध्यम से रोजगार की तलाश कर रहे श्रमिक और श्रमिकों की आवश्यकता रखने वाले नियोजक सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे।
एप पर श्रमिक मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल बना सकेंगे। प्रोफाइल में वे अपने कौशल, कार्य अनुभव, व्यवसाय और पसंदीदा कार्यस्थल जैसी जानकारियां दर्ज करेंगे। वहीं नियोजक भी पंजीकरण कर श्रमिकों की आवश्यकता, कार्य का प्रकार और कार्यस्थल संबंधी जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे।
प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर श्रमिकों और नियोजकों की डिजिटल मैचिंग की जाएगी। इससे श्रमिकों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार मिलने में सुविधा होगी, जबकि नियोजकों को आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त श्रमिक उपलब्ध हो सकेंगे।
प्रदेश में ई-श्रम पोर्टल पर करीब 8.40 करोड़ श्रमिक पंजीकृत हैं। इसके अलावा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में लगभग 1.93 करोड़ निर्माण श्रमिक पंजीकृत हैं। इस प्रकार लगभग 10 करोड़ से अधिक श्रमिकों को इस नई व्यवस्था का लाभ मिलने की संभावना है।
