बाराबंकी : मस्जिद के सामने हो रहा निर्माण रुकवाया, पुलिस बल तैनात

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

त्रिवेदीगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में चेतावनी के बावजूद एक मस्जिद के सामने हो रहा निर्माण प्रशासन व पुलिस टीम ने रुकवा दिया। इस दौरान अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करने के साथ ही एक दर्जन को चिन्हित किया गया है।

जानकारी के अनुसार यह मामला क्षेत्र के ग्राम सरैंया मजरे तेजवापुर का है। यहां पर पांच दशक से पुरानी मस्जिद बनी हुई है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से लिखित रूप में शिकायत की कि मस्जिद का दायरा और बढ़ाने के लिए उसके आगे निर्माण किया जा रहा है। तहसील की टीम ने जांच की तो निर्माण होता पाया, जिस पर टीम निर्माण तत्काल रोकने की चेतावनी देकर चली गई।

शनिवार को फिर शिकायत हुई कि निर्माण लगातार जारी है। मामला संवेदनशील होने के चलते एसडीएम हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा के अलावा थानाध्यक्ष मय भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। यहां बताया गया कि निर्माण मस्जिद से जुड़ा नहीं बल्कि दूसरे निर्माण का है पर मौके पर यह बात साबित नहीं हाे सकी। एसडीएम के निर्देश पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया।

चेतावनी दी गई कि आगे निर्माण होता मिला तो सख्त कार्रवाई होगी। इसी क्रम में चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करने के साथ ही एक दर्जन लोगों को चिन्हित किया गया है। उपजिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार धार्मिक स्थल से जुड़ा कोई भी नया निर्माण प्रतिबंधित है। शिकायत पर जांच की गई और निर्माण रुकवा दिया गया है।

संबंधित समाचार