UP Police Constable Exam: 8 हजार रुपये में पेपर दिलाने का दावा, लखनऊ में मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर 24 घंटे सोशल मीडिया पर निगरानी, अफवाह फैलाने और धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को है। इससे पहले टेलीग्राम पर 'यूपीपी एग्जाम पेपर' नाम से चैनल बनाकर ठगी का धंधा शुरू कर दिया गया। यहां अभ्यर्थियों को पेपर उपलब्ध कराने के लिए आठ हजार रुपये की मांगे जा रहे थे। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड ने चैनल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।

अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले ठग सक्रिय हो गए हैं। टेलीग्राम पर 'UPP Exam Paper' नाम से चैनल बनाकर धोखाधड़ी का गंदा धंधा शुरू कर दिया गया। अभ्यर्थियों को 8000 रुपये में पर्चा देने का झांसा दिया जा रहा है। चैनल पर क्यूआर कोड और बैंक डिटेल भी मिली है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड ने चैनल के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। 


यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होने जा रही है। शासन स्तर पर तैयारियां कर ली गई हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न पत्रों को संबंधित जिलों के स्ट्रांग रूम में पहुंचाए गए हैं। नोडल अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने को लेकर शासन-प्रशासन से लेकर एसटीएफ, साइबर सेल और जिला पुलिस तक, सब हाई अलर्ट पर हैं। 

सॉल्वर गैंग पर शिकंजा 

पेपर लीक करने वाले या सॉल्वर गैंग पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म, जैसे- व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक और अन्य 24 घंटे की निगरानी में हैं। अफवाह, फर्जी प्रश्नपत्र या परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है। 

सोशल मीडिया पर मिला चैनल 


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परीक्षा को लेकर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के क्रम में भर्ती बोर्ड को टेलीग्राम पर एक चैनल मिला है। यूपीपी एग्जाम पेपर नाम से बनाए गए इस चैनल पर परीक्षा से जुड़ी अवैध और धोखाधड़ी वाली सामग्री मिलने की बात सामने आई है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड के मुताबिक, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के दावे किए गए। लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का मैसेज वायरल किया गया है।  


हजरतगंज में मुकदमा दर्ज 


यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड के सतर्कता प्रकोष्ठ विभाग में तैनात इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने चैनल के विरुद्ध हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। बोर्ड ने इसकी जांच डिप्टी पुलिस अधीक्षक विकास कुमार जायसवाल को सौंपी है। वह मामले की जांच में जुटे हैं। 

अफवाह फैलाने वालों पर कड़ा एक्शन


बोर्ड ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ी अफवाह फैलाने वाले या परीक्षा की सुचिता के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से भी आह्वान किया गया कि किसी भी प्लेटफार्म या माध्यम से उन्हें इस तरह की कोई संदिग्ध जानकारी मिलती है तो फौरन अधिकारियों को सूचित करें। किसी झांसे या धोखाधड़ी का शिकार होने से बचें। 

संबंधित समाचार