Jantar Mantar Protest: सुरक्षा के बीच जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट बंद, दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन भी बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

CJP के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की। जंतर-मंतर क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद, 17 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक नहीं खुलेंगे।

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया गया है। प्रशासन ने जंतर-मंतर और उसके आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं कुछ समय के लिए पूरी तरह से बंद कर दी हैं। वहीं, दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशनों को भी अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, फिलहाल के लिए सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया गया प्रतिबंध बढ़ाकर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है।

ग्राहकों को भेजा गया इंटरनेट बंद होने का संदेश

दूरसंचार कंपनियों की ओर से प्रभावित उपभोक्ताओं को भेजे गए संदेश में बताया गया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार संबंधित क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित की गई हैं। यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन अगले आदेश तक बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार रात जारी सूचना में कहा कि शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

बंद किए गए स्टेशन

लोक कल्याण मार्ग
राजीव चौक
पटेल चौक
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
बाराखंभा रोड
सुप्रीम कोर्ट
सेवा तीर्थ
जनपथ
मंडी हाउस
केंद्रीय सचिवालय
आईटीओ
दिल्ली गेट
इंद्रप्रस्थ
खान मार्केट
जोर बाग
शिवाजी स्टेडियम
झंडेवालान

हालांकि, आवश्यक परिचालन व्यवस्था के तहत इंटरचेंज सेवाओं को पहले की तरह संचालित किया जा रहा है।

संसद मार्च के बाद से प्रभावित हैं सेवाएं

सूत्रों के मुताबिक, CJP के आह्वान पर आयोजित संसद मार्च के बाद से ही कई मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं प्रभावित हैं। वहीं, मोबाइल इंटरनेट सेवा भी गुरुवार सुबह से निलंबित है, जिसका समय कई बार बढ़ाया जा चुका है।

जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET के कथित पेपर लीक मामले को लेकर छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। यह प्रदर्शन CJP के आह्वान पर जारी है।

प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में एहतियाती कदम उठाए गए हैं, जिनमें इंटरनेट और मेट्रो सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध भी शामिल है।

यह भी पढ़ेंः 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार से मिले 3 बड़े लिखित आश्वासन; जानिए क्या-क्या हुआ तय

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज