NEET विवाद पर PM मोदी का बड़ा संदेश: पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, फास्ट ट्रैक कोर्ट का बिल जल्द संसद में

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा से जुड़े विधेयक को जल्द संसद में लाने की तैयारी।

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे विवाद और छात्र आंदोलनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टूडेंट्स के लिए एक वीडियो मैसेज जारी किया है। उन्होंने युवाओं और युवाओं को संबोधिक करते हुए कहा कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं को बेहद गंभीरता से ले रही है और ऐसे मामलों में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि युवाओं के भविष्य के साथ कोई भी खिलवाड़ नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पीएम ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

'पेपर लीक लाखों स्टूडेंट्स के लिए पीड़ादायक'

वीडियो मैसेज में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक स्थिति है।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कानून के दायरे में रहते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वे फिलहाल जेल में हैं।

22 लाख छात्रों की परीक्षा समय पर कराने का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो।

उन्होंने बताया कि सरकार ने पूरी क्षमता के साथ कम समय में लगभग 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाओं का आयोजन कराया। साथ ही उन्होंने कहा कि 19 तारीख को परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं और सफल विद्यार्थियों की उपलब्धियों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल परीक्षा संपन्न कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भी व्यापक सुधार करेगी।

फास्ट ट्रैक कोर्ट और सख्त सजा का प्रस्ताव तैयार

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभागों को फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने कहा कि विभागों ने देर रात तक इस संबंध में मसौदा तैयार कर लिया है, जिसमें फास्ट ट्रैक कोर्ट के साथ-साथ दोषियों के लिए कड़ी सजा का भी प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।

प्रधानमंत्री के अनुसार, इस मसौदे पर कैबिनेट में चर्चा होगी और मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद सरकार संसद के दूसरे सप्ताह के दौरान इस विधेयक को जल्द से जल्द पारित कराने का प्रयास करेगी।

31वें दिन भी जारी है छात्रों का आंदोलन

इस बीच, जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) और छात्रों का आंदोलन 31वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

यह भी पढ़ेंः 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार से मिले 3 बड़े लिखित आश्वासन; जानिए क्या-क्या हुआ तय

संबंधित समाचार