Hockey World Cup 2026: हरमनप्रीत सिंह के हाथों में टीम इंडिया की कमान, पाकिस्तान से 19 अगस्त को होगा महामुकाबला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय टीम का किया ऐलान, बेल्जियम-नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक खेला जाएगा एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026।

नई दिल्लीः एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय टीम का ऐलान करते हुए अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होगा।

विश्व कप में भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एम्सटलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। टीम इंडिया अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा, जबकि बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच 19 अगस्त को खेला जाएगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी।

अनुभव और युवा जोश का संतुलन

भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह दी गई है। सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम के लिए अनुभव लेकर आएंगे, जबकि कई युवा खिलाड़ियों को हालिया प्रदर्शन के आधार पर मौका मिला है।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी मौजूदा फॉर्म और प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह संतुलित टीम दुनिया की शीर्ष टीमों को कड़ी चुनौती देने में सक्षम है। फुल्टन ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान एक-एक मैच पर रहेगा और हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की रणनीति अपनाई जाएगी।

50 साल बाद इतिहास दोहराने का मौका

भारतीय हॉकी टीम ने अब तक केवल 1975 में पुरुष हॉकी विश्व कप का खिताब जीता है। ऐसे में 2026 का टूर्नामेंट भारत के लिए दूसरा विश्व कप जीतने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है। हाल ही में एफआईएच प्रो लीग में भारत ने मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी और ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड को हराकर शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

भारत की विश्व कप 2026 टीम

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा

डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद

फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक

संबंधित समाचार