ग्लासगो में 23वें राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत, भारत समेत 74 देशों ने की परेड

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

ग्लासगो। स्कॉटलैंड की विरासत, संगीत, नृत्य और इंद्रधनुषी रंगों से सजे भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज हुआ। किंग चार्ल्स तृतीय ने खेलों की शुरुआत की घोषणा करने के साथ 'किंग्स बैटन' में रखा अपना संदेश पढ़ा, जिसमें महासागरों और जलमार्गों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने का आह्वान किया गया।

इनडोर स्टेडियम में किया गया आयोजित

Untitled design (49)

उद्घाटन समारोह पहली बार किसी विशाल खुले स्टेडियम के बजाय 14,300 दर्शकों की क्षमता वाले इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। सभी 74 देशों के खिलाड़ी कार्यक्रम की शुरुआत में ही परेड करते हुए स्टेडियम पहुंचे। भारतीय दल का नेतृत्व ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन ने किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भारतीय दल का स्वागत किया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

समारोह में स्कॉटलैंड की पारंपरिक संस्कृति को समकालीन पॉप, रैप और इलेक्ट्रॉनिक संगीत के साथ प्रस्तुत किया गया। 'वर्कशॉप ऑफ द वर्ल्ड' खंड में वस्त्र उद्योग, क्लाइड नदी पर जहाज निर्माण, प्रारंभिक लोकोमोटिव इंजीनियरिंग और आधुनिक हरित प्रौद्योगिकी को नृत्य और संगीत के माध्यम से दर्शाया गया। पाइप बैंड, वाल्टोस, नाथन इवांस, टॉम वॉकर, केटी टुनस्टॉल, एयवे, गाइया और कैलम बीटी सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी, जबकि अभिनेता सैम ह्यूगन और छह बार के ओलंपिक साइकिलिंग चैंपियन सर क्रिस होय ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

परंपरा के अनुसार राष्ट्रमंडल ध्वज फहराया गया और खिलाड़ियों की ओर से पॉल फोस्टर, रॉबिन लव और लेस्ली रॉय ने शपथ ली। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेल आंदोलन के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।

भारतीय दल का जोरदार स्वागत

Untitled design (47)

गौरतलब है कि इन खेलों की मेजबानी पहले ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य को करनी थी, लेकिन लागत बढ़ने के कारण उसके हटने के बाद ग्लासगो को मेजबानी सौंपी गई। इस बार खेलों में केवल 10 खेल शामिल हैं, जिनमें भारत आठ खेलों में भाग लेगा। साथ ही छह पैरा खेल भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताएं स्कॉटस्टाउन स्टेडियम, स्कॉटिश इवेंट कैंपस, ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना और टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर में आयोजित होंगी।

ये भी पढ़ें : 
Glasgow 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स के मंच पर गूंजेगी भारतीय संस्कृति, शंकर महादेवन-रश्मिका मंदाना करेंगे परफॉर्म

संबंधित समाचार