डोपिंग नियमों के उल्लंघन में फंसे पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज, ICC ने तीन महीने के प्रदर्शन को रिकॉर्ड से हटाया
Carboxy-THC मिलने के बाद ICC की कार्रवाई, पुनर्वास कार्यक्रम पूरा करने पर निलंबन अवधि में मिली राहत
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में दोषी पाए गए हैं। हालांकि, उनके खिलाफ प्रदर्शन बढ़ाने वाली प्रतिबंधित दवा लेने का मामला नहीं मिला है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उनके लगभग तीन महीने के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को आधिकारिक रिकॉर्ड से हटाने का फैसला किया है।
टी20 विश्व कप के दौरान लिया गया था डोप टेस्ट
जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष फरवरी में आयोजित ICC टी20 विश्व कप 2026 के दौरान पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबले के बाद मोहम्मद नवाज का डोप टेस्ट किया गया था। जांच रिपोर्ट में उनके सैंपल में Carboxy-THC पाया गया, जिसे नशीले पदार्थों की श्रेणी में रखा जाता है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद नवाज ने नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पदार्थ का सेवन उन्होंने खेल प्रदर्शन बेहतर बनाने के उद्देश्य से नहीं किया था, बल्कि यह प्रतियोगिता से बाहर की घटना थी।
ICC ने सुनाई सजा, पुनर्वास कार्यक्रम से मिली राहत
ICC ने मोहम्मद नवाज पर तीन महीने का निलंबन लगाया, जिसे 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया। हालांकि, उन्होंने नशा मुक्ति से जुड़े पुनर्वास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ICC के नियमों के अनुसार ऐसे मामलों में खिलाड़ी को सजा में राहत मिल सकती है। इसी वजह से उनकी प्रभावी प्रतिबंध अवधि घटकर एक महीने रह गई और अब वे आगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पात्र हैं।
https://twitter.com/ICC/status/2078028155697463722?s=20
तीन महीने का प्रदर्शन रिकॉर्ड से हटेगा
ICC के फैसले के अनुसार 7 फरवरी 2026 से 1 मई 2026 के बीच मोहम्मद नवाज द्वारा खेले गए सभी अंतरराष्ट्रीय मैचों के आंकड़े उनके आधिकारिक रिकॉर्ड से हटा दिए जाएंगे। इस अवधि में उन्होंने 7 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 रन, 7 विकेट और 4 कैच दर्ज किए थे। अब ये सभी आंकड़े रिकॉर्ड बुक का हिस्सा नहीं रहेंगे।
यह भी पढ़ेंः Japan Open 2026: वॉकओवर से सेमीफाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, अब चेन युफेई से होगी कड़ी टक्कर
