Japan Open 2026: वॉकओवर से सेमीफाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, अब चेन युफेई से होगी कड़ी टक्कर
नोजोमी ओकुहारा के हटने से सिंधु को मिला सीधा प्रवेश; सुपर 750 टूर्नामेंट में 2023 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचीं भारतीय स्टार
टोक्यो। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ जापान ओपन सुपर 750 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला मेजबान जापान की अनुभवी खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा से होना था, लेकिन ओकुहारा के वॉकओवर देने के कारण यह मैच नहीं खेला गया और सिंधु बिना मुकाबला खेले अंतिम चार में पहुंच गईं।
अब सेमीफाइनल में सिंधु का सामना चीन की पूर्व ओलंपिक चैंपियन और मौजूदा विश्व नंबर-4 चेन युफेई से होगा। चेन युफेई ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया की सिम यू जिन को 21-10, 21-12 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।
चेन युफेई के खिलाफ चुनौती आसान नहीं
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सिंधु और चेन युफेई के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं, जिनमें सिंधु ने 6 और चेन ने 8 मैच जीते हैं। खास बात यह है कि पिछले पांच मुकाबलों में सिंधु को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
2026 में शानदार लय में हैं सिंधु
जापान ओपन का यह सेमीफाइनल पीवी सिंधु के लिए कई मायनों में खास है। 2023 डेनमार्क ओपन के बाद यह पहली बार है जब उन्होंने किसी सुपर 750 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं वर्ष 2026 में यह उनका तीसरा सेमीफाइनल है।
साल की शुरुआत विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान से करने वाली सिंधु अब शानदार प्रदर्शन के दम पर विश्व नंबर-9 पर पहुंच चुकी हैं।
यह भी पढ़ेंः FIFA World Cup 2026: जीत के जश्न में अर्जेंटीना की बड़ी चूक! एक बैनर दिखाने पर FIFA की कार्रवाई का खतरा
