Hardoi News : उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहा में ईको क्लब का गठन, विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 30 छात्र-छात्राओं को बनाया गया सदस्य, शिक्षक अर्पित मिश्रा बने नोडल।

हरदोई के सुरसा ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहा में ईको क्लब का गठन किया गया। क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत, वृक्षारोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सभी सदस्यों ने विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया।

हरदोई, अमृत विचार। हरदोई जिले में विकास खंड सुरसा के उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहा में विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ईको क्लब का गठन किया गया। विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मंजू वर्मा के निर्देशन में गठित क्लब में 30 छात्र-छात्राओं को सदस्य बनाया गया, जबकि शिक्षक अर्पित मिश्रा को क्लब का नोडल नियुक्त किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। क्लब के सभी सदस्यों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।

जानिए क्या बोलीं प्रधानाध्यापिका मंजू वर्मा ?

प्रधानाध्यापिका मंजू वर्मा ने कहा कि ईको क्लब के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर शिक्षिका नाज़नीन फ़ातमा, गरिमा शुक्ला, सुषमा पाल, रजनी देवी, शिक्षक सतीश यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

संबंधित समाचार