Bahraich News : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का ADG रेखा लोहानी ने लिया जायजा, SSB को दिए अहम निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एसएसबी की अपर महानिदेशक रेखा लोहानी ने बहराइच के रुपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा का दो दिवसीय निरीक्षण किया। उन्होंने एसएसबी की 42वीं और 59वीं वाहिनी, आईसीपी और बीओपी का निरीक्षण कर सीमा सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रुपईडीहा (बहराइच), अमृत विचार। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अपर महानिदेशक रेखा लोहानी (आईपीएस) का भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बहराइच जिले की 42वीं एवं 59वीं वाहिनी का दो दिवसीय निरीक्षण एवं समीक्षा दौरा संपन्न हो गया। दौरे के दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

42वीं वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर अपर महानिदेशक का स्वागत 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडेय और 59वीं वाहिनी के कमांडेंट कैलाश चंद्र रमोला ने किया। इसके बाद उन्होंने दोनों वाहिनियों का संयुक्त निरीक्षण किया और अधिकारियों व जवानों के साथ विशेष सैनिक सम्मेलन में भाग लिया।

सम्मेलन के दौरान रेखा लोहानी ने जवानों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, सुविधाओं और सेवा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सीमा पर तैनात सभी कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

cats

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) रुपईडीहा और सीमा चौकी (बीओपी) रुपईडीहा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एलपीएआई), सीमा शुल्क विभाग और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

अपर महानिदेशक ने नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) और नेपाल पुलिस के अधिकारियों से भी मुलाकात की। बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा, आपसी समन्वय, सूचना आदान-प्रदान और सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

दो दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्रक मुख्यालय लखीमपुर खीरी के उप महानिरीक्षक वी. विक्रमण और सीमांत मुख्यालय लखनऊ के उप महानिरीक्षक राजेश ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम पूरा करने के बाद अपर महानिदेशक रेखा लोहानी नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

दौरे की प्रमुख बातें
  • एसएसबी की 42वीं और 59वीं वाहिनी का संयुक्त निरीक्षण
  • जवानों के साथ विशेष सैनिक सम्मेलन में सहभागिता
  • आईसीपी और बीओपी रुपईडीहा का निरीक्षण
  • भारतीय और नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक
  • सीमा सुरक्षा और समन्वय को मजबूत करने पर दिया जोर
बैठक में शामिल प्रमुख एजेंसियां
  • सशस्त्र सीमा बल (SSB)
  • लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (LPAI)
  • सीमा शुल्क विभाग
  • उत्तर प्रदेश पुलिस
  • नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF)
  • नेपाल पुलिस

संबंधित समाचार