दुबग्गा में नकली कई नोट बरामद, मंदिर का सेवादार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Indrabhushan Dubey
On

दुबग्गा में नकली नोट मिलने से इलाके के व्यापारियों में दहशत

संवाददाता, काकोरी, अमृत विचार: दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित झाखरबाग चौराहे पर शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक को नकली नोट चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी युवक एक मंदिर का सेवादार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास से 500 रुपये के कई नकली नोट बरामद किए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, झाखरबाग चौराहे के पास स्थित कई दुकानों पर आरोपी युवक द्वारा 500 रुपये के नकली नोट दिए जा रहे थे। इस दौरान जब दुकानदारों ने नोटों को बारीकी से देखा, तो उन्हें संदेह हुआ। लोगों ने बताया कि नोटों पर पानी पड़ते ही रंग छूटने लगा, जिससे नकली होने की पुष्टि हो गई। मामला संज्ञान में आते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को दबोच लिया। बाद में पुलिस ने युवक से बरामद नकली नोटों के साथ दुबग्गा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान संजीव कुमार मिश्रा, निवासी बलदेव खेड़ा थाना रहीमाबाद के रूप में हुई है, जो वर्तमान में एक मंदिर में सेवादार है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 5 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। दुबग्गा जैसे व्यस्त इलाके में नकली नोट मिलने की घटना से स्थानीय व्यापारियों में खौफ का माहौल है। बड़े कारोबारियों को अब लेनदेन में सावधानी बरतने की चिंता सता रही है। फिलहाल, दुबग्गा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से 5 नोट बरामद किए हैं जांच पड़ताल की जा रही है कि नकली नोट कहां से आये है।

संबंधित समाचार