Raebareli Accident: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
भदोखर थाना क्षेत्र के कोला हैबतपुर स्थित नहरी चौराहा के पास देर रात हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
रायबरेली। रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। भदोखर थाना क्षेत्र के कोला हैबतपुर स्थित नहरी चौराहा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे हंसा बेलाभेला गांव निवासी शिवा (22), पुत्र दीनानाथ, शनिवार देर रात अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह कोला हैबतपुर के पास नहरी चौराहा पहुंचा तो उसकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भदोखर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
