Ganga Expressway Accident: सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस हरदोई में 10 फीट नीचे पलटी, 50 घायल, 12 की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सिद्धार्थनगर से दिल्ली-नोएडा जा रही बस तड़के अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी। ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

हरदोई, अमृच विचार। गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। पचदेवरा थाना क्षेत्र के सपाभापुर गांव के पास सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से करीब 10 फीट नीचे खेत में पलट गई।

हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए। इनमें से 12 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

तड़के तीन बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार सुबह करीब तीन बजे हुई। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि सफर के दौरान बस के सामने अचानक एक वाहन आ गया। चालक ने टक्कर से बचने के लिए तत्काल ब्रेक लगाया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।

MUSKAN DIXIT - Ganga Expressway Accident
Ganga Expressway Accident
 
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पचदेवरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को एंबुलेंस की मदद से शाहजहांपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालाबाद भेजा गया, जहां पहले से ही चिकित्सा टीम को अलर्ट कर दिया गया था।

12 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह के अनुसार, अस्पताल में कुल 42 घायलों का उपचार किया गया। इनमें से 12 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसे की वजह की जांच जारी

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के सामने अचानक वाहन आने के बाद लगाए गए आपातकालीन ब्रेक के कारण बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की भीषण टक्कर, चार की हालत गंभीर

संबंधित समाचार