इंस्पेक्टर गोसाईगंज दिलेश बने कॉप ऑफ द मंथ

Amrit Vichar Network
Published By Indrabhushan Dubey
On

पीके सिंह को दूसरा व बृजेश त्रिपाठी को तीसरा स्थान

 

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन में लागू किए गए ऑब्जेक्टिव इवेल्यूएशन सिस्टम लागू होने के बाद मई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों और दरोगा को डीसीपी साउथ ने सम्मानित किया है। इंस्पेक्टर गोसाईंगंज दिलेश कुमार सिंह को कॉप ऑफ द मंथ घोषित किया गया। वहीं, तीनों सर्किलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दरोगा भी सम्मानित किए गए। डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि 13 मई से जोन में थाना प्रभारियों और उपनिरीक्षकों के कार्यों के मूल्यांकन के लिए ऑब्जेक्टिव इवेल्यूएशन सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत विभिन्न पुलिस कार्यों के लिए अंक निर्धारित किए गए हैं।

जून के मूल्यांकन में गोसाईंगंज इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने 10,728 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह 8530 अंक के साथ दूसरे और इंस्पेक्टर मोहनलालगंज (अब आलमबाग) बृजेश कुमार त्रिपाठी 1671 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा दरोगा की श्रेणी में कृष्णानगर के भोलाखेड़ा चौकी प्रभारी दरोगा सच्चिदानन्द पाण्डेय 6114 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। एसआई बादल सिरोहा हल्का नंबर-4 प्रभारी गोसाईंगंज 4819 अंक और मोहनलालगंज सर्किल से चौकी प्रभारी भागूखेड़ा आशीष कुमार ने 3575 अंक के साथ दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। डीसीपी ने बताया कि इस सिस्टम में प्रत्येक थाना प्रभारी द्वारा किये जा रहे कार्यों के अंक दिये जाते हैं, जैसे गुंडा एक्ट पर 50 अंक, गैंगस्टर एक्ट पर 100 अंक, इनामी की गिरफ्तारी के 100 अंक, आईजीआरएस निस्तारण के 200 अंक समेत हर काम के अंक तय हैं। उसी के हिसाब से रेटिंग बनती है।

जून में की गई कार्रवाई

डीसीपी अमित आनंद के मुताबिक, जून माह में छह अभियुक्तों के खिलाफ गुंडा एक्ट, दो की हिस्ट्रीशीट खोली गई। 2473 नये सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा आपरेशन किरण के तहत 279 परिवारों का समझौता कराया। इसके अलावा 15 लाख रुपये के 67 मोबाइल बरामद कर वापस कराये। प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी, राजस्थान में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा। निगोहां में मुठभेड़, पीजीआई में 74 लाख रुपये धोखाधड़ी के 50-50 हजार के दो इनामी की गिरफ्तारी, सुशांत गोल्फ सिटी व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कारपोरेट धोखाधड़ी रैकेट के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा।

संबंधित समाचार