सिंचाई विभाग में बड़ा फैसला! 7 खंडों में जल समितियों के चुनाव को मंजूरी, 28 अफसरों को मिलेगा ACP का लाभ
शारदा सहायक संगठन में चरणबद्ध तरीके से होंगे जल उपभोक्ता समितियों के चुनाव; सिंचाई विभाग के 24 अधिशासी अभियंताओं समेत चार अन्य अधिकारियों को द्वितीय एसीपी मंजूर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने सिंचाई व्यवस्था और विभागीय अधिकारियों से जुड़े दो अहम फैसले किए हैं। शारदा सहायक संगठन के सात खंडों में जल उपभोक्ता समितियों के चुनाव कराने को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के यांत्रिक संवर्ग के 24 अधिशासी अभियंताओं को द्वितीय वित्तीय सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नयन (ACP) का लाभ देने का आदेश जारी किया गया है।
सात खंडों में होंगे जल उपभोक्ता समितियों के चुनाव
प्रदेश सरकार ने सहभागी सिंचाई प्रबंधन अधिनियम-2009 और नियमावली-2010 के तहत शारदा सहायक संगठन के सात खंडों में चुनाव कराने की स्वीकृति दी है।
चुनाव इन खंडों में होंगे—
- शारदा सहायक खंड-28, हैदरगढ़
- खंड-36, जौनपुर
- खंड-41, अमेठी
- खंड-45, रायबरेली
- खंड-49, सुल्तानपुर
- खंड-51, प्रतापगढ़
- सिंचाई खंड, सुल्तानपुर
विशेष सचिव कुलदीप श्रीवास्तव की ओर से जारी शासनादेश में चुनाव प्रक्रिया के लिए चरणवार कार्यक्रम तय किया गया है।
तीन चरणों में होंगे कुलाबा समितियों के चुनाव
पहला चरण: अधिसूचना 25 सितंबर 2026, मतदान 26 अक्टूबर और मतगणना 28 अक्टूबर को होगी।
दूसरा चरण: अधिसूचना 15 अक्टूबर, मतदान 19 नवंबर और परिणाम 21 नवंबर को घोषित होगा।
तीसरा चरण: अधिसूचना 13 नवंबर, मतदान 15 दिसंबर और परिणाम 17 दिसंबर को आएगा।
2027 में अल्पिका और राजबहा समितियों के चुनाव
अल्पिका समितियों के चुनाव 2027 में दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 16 अप्रैल को अधिसूचना, 16 मई को मतदान और 18 मई को परिणाम घोषित होगा। दूसरे चरण में 5 मई को अधिसूचना, 5 जून को मतदान और 7 जून को परिणाम आएगा।
वहीं राजबहा समितियों के चुनाव के लिए 21 जून 2027 को अधिसूचना, 21 जुलाई को मतदान और 23 जुलाई को मतगणना होगी।
सरकार ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को चुनाव के दौरान आवश्यक सहयोग देने और प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
24 अधिशासी अभियंताओं को द्वितीय ACP
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के यांत्रिक संवर्ग में तैनात 24 अधिशासी अभियंताओं को द्वितीय वित्तीय सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नयन (ACP) की मंजूरी मिली है।
इसके तहत अधिकारियों को 15,600-39,100 रुपये के वेतनमान और 7,600 रुपये ग्रेड पे यानी पे मैट्रिक्स लेवल-12 का लाभ मिलेगा।
अधिकांश अधिकारियों के लिए एसीपी की प्रभावी तिथि 3 जुलाई 2023 निर्धारित की गई है। कुछ अधिकारियों को 4 जुलाई 2023 और यश कुमार को 4 जुलाई 2025 से इसका लाभ मिलेगा।
चार वरिष्ठ अभियंताओं को भी ACP का लाभ
विभाग के चार अन्य अभियंताओं संजय कुमार त्रिवेदी, राजेश कुमार, बाबू सिंह और हरिओम वर्मा को भी द्वितीय एसीपी स्वीकृत की गई है।
यह आदेश स्क्रीनिंग कमेटी की 23 जुलाई 2026 को हुई संस्तुति के आधार पर जारी किया गया है। इसमें संबंधित अधिकारियों के लिए अलग-अलग प्रभावी तिथियां निर्धारित की गई हैं। आदेश की प्रतियां महालेखाकार, प्रमुख अभियंता (यांत्रिक) और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
क्या होता है ACP ?
ACP, सरकारी कर्मचारियों के लिए एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत यदि किसी कर्मचारी को तय समय में पदोन्नति (प्रोमोशन) नहीं मिलती है, तो उसे एक निश्चित अवधि (जैसे 10, 20 और 30 वर्ष) पूरी होने पर स्वतः अगला उच्च वेतनमान (वित्तीय लाभ) मिलने लगता है।
