मुकेश सहनी का योगी सरकार पर हमला, बोले- UP में 'अघोषित इमरजेंसी', विपक्ष से डर रही सरकार
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं।
अमृत विचार डेस्क, लखनऊ। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर हाउस अरेस्ट किए जाने को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में "अघोषित इमरजेंसी" जैसे हालात हैं और सरकार विपक्षी नेताओं से डरकर उन्हें नजरबंद कर रही है।
मुकेश सहनी ने कहा, "उत्तर प्रदेश की सरकार बेहद तानाशाही रवैया अपना रही है। किसी दूसरे राज्य का पूर्व मंत्री यदि अपने राजनीतिक कार्यक्रम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश जाता है और उसे रोकने के लिए नजरबंद कर दिया जाता है, तो यह साफ दिखाता है कि सरकार विपक्ष से डरी हुई है।"
सरकार नहीं कर रही लोकतंत्र की भावना का सम्मान : मुकेश
उन्होंने आगे कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की गतिविधियों पर इस तरह रोक लगाना उचित नहीं है। उनके अनुसार, "सरकार लोकतंत्र की भावना का सम्मान नहीं कर रही है और प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है। आने वाले समय में जनता ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। फिलहाल हम उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।"
