मुजफ्फरनगर में कांवड़िए ने इंस्पेक्टर को दी वर्दी उतरवाने की धमकी, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुजफ्फरनगर, अमृत विचार डेस्क । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और कांवड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक का एक मामला सामने आया है। डीजे (DJ) पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक कांवड़िए ने ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर को सरेआम वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे डाली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

डीजे से नीचे उतरने को कहने पर भड़का विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान पुलिस ने डीजे वाहन के ऊपर चढ़कर चल रहे कुछ कांवड़ियों को सुरक्षा कारणों से नीचे उतरने के लिए कहा। पुलिस की यह हिदायत कुछ कांवड़ियों को नागवार गुजरी और वे मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से उलझ गए।

'5 मिनट में वर्दी उतरवा दूंगा' -इंस्पेक्टर को खुलेआम धमकी

घटनास्थल पर मौजूद इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा जब कांवड़ियों को समझाने और शांत कराने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक कांवड़िया आक्रोशित हो गया। वायरल हो रहे वीडियो में वह इंस्पेक्टर को उंगली दिखाते हुए बेहद आक्रामक अंदाज में यह कहता सुनाई दे रहा है, "अगर तुम्हें अपनी वर्दी पर बहुत घमंड है तो बस मुझे बता दो, मैं अभी पांच मिनट में इसे उतरवा दूंगा।"

वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस

इस तीखी बहस के दौरान आसपास मौजूद अन्य लोग और पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। सरेआम पुलिस अधिकारी को धमकी दिए जाने का यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही चर्चा का विषय बन गया है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले इस वीडियो का संज्ञान लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

ये भी पढ़ें :  
कुशीनगर को सीएम योगी की बड़ी सौगात, 500 करोड़ की 400 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

संबंधित समाचार