सीतापुर के होटल में हरदोई की महिला का शव मिलने से सनसनी, पति से विवाद के बीच मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
बस स्टॉप के पास स्थित होटल के बंद कमरे में मिला 47 वर्षीय महिला का शव, सीसीटीवी फुटेज कब्जे में; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
सीतापुर: शहर के बस स्टॉप के पास स्थित एक होटल में हरदोई की रहने वाली महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला पिछले दो दिनों से होटल में ठहरी हुई थीं। जब काफी समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला।
मृतका की पहचान हरदोई के आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुपमा पांडेय (47), पत्नी अमित पांडेय के रूप में हुई है। होटल प्रबंधन के अनुसार, उन्होंने दो दिन पहले होटल के कमरा नंबर 201 में चेक-इन किया था।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पति ग्राम पंचायत अधिकारी, लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनुपमा पांडेय का मायका लखीमपुर खीरी में स्थित है। उनके पति अमित पांडेय ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते अनुपमा अपनी बेटी के साथ लखनऊ में रह रही थीं।
सीसीटीवी फुटेज और होटल स्टाफ से पूछताछ
पुलिस ने होटल के पिछले तीन दिनों के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है ताकि महिला की गतिविधियों और होटल में आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः Bundelkhand Expressway Accident: जालौन में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई DCM; दो की मौत, दो गंभीर घायल
