Moradabad News : सड़क पर जलभराव को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम प्रधान का किया घेराव, सड़क निर्माण की मांग
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रतूपुरा में सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी अमर सिंह का घेराव कर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कराने की मांग की। इस दौरान हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर पानी भरा रहने से लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। गंदगी फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी अमर सिंह का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बरसात के बाद निर्माण कराने का आश्वासन
ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं ग्राम विकास अधिकारी अमर सिंह का कहना है कि खड़ंजा है। बरसात के बाद बजट आने पर सड़क निर्माण कराया जाएगा।
