लखनऊ में बिजली चोरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, मीटर बाईपास कर AC और ई-रिक्शा चलाते पकड़े गए 10 उपभोक्ता

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-आपूर्ति सुधार के लिए भी चला अभियान

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी में वर्टिकल व्यवस्था के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए शुक्रवार को अभियान चलाया गया। अमौसी क्षेत्र की रेड और विजिलेंस टीम ने दुबग्गा उपकेंद्र से जुड़े पूर्व चयनित फीडरों पर मॉर्निंग रेड अभियान चलाकर 53 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई।

इस दौरान पांच उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिनमें एसी, हीटर और ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए अवैध बिजली उपयोग पाया गया। सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से दुबग्गा उपकेंद्र के लाइन लॉस में कमी आएगी और विभागीय राजस्व बढ़ेगा।

वहीं गोमती नगर क्षेत्र में निजामपुर-मल्हौर में सघन जांच के दौरान एक उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जबकि जानकीपुरम क्षेत्र में ओवरलोड फीडरों का भार विभक्तिकरण, पेड़ों की छंटाई, ट्रांसफार्मरों का अनुरक्षण और सफाई जैसे सुधारात्मक कार्य कर बिजली व्यवस्था को मजबूत किया गया।

लखनऊ मध्य क्षेत्र में भी चार उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही एंटी-काइट जाल लगाने और पेड़ों की कटाई जैसे कार्य कर ट्रिपिंग रोकने के प्रयास किए गए। विभाग की ओर से साफ किया कि विद्युत चोरी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
  

ये भी पढ़ें  : 
बाराबंकी  : अंतिम चरण में ईको-टूरिज्म प्रोजेक्ट, 95% काम पूरा; पर्यटकों के लिए जल्द खुलेगा

 

संबंधित समाचार