बाराबंकी  : अंतिम चरण में ईको-टूरिज्म प्रोजेक्ट, 95% काम पूरा; पर्यटकों के लिए जल्द खुलेगा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

--ओवर ब्रिज, साइन बोर्ड और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नियामतपुर वन क्षेत्र --, 2 किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल बनेगी मुख्य आकर्षण

बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद के नियामतपुर वन क्षेत्र में विकसित किया जा रहा ईको-टूरिज्म प्रोजेक्ट अब जल्द पूरा होने वाला है। शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी तेजी से की जा रही है, ताकि पर्यटक जल्द ही इस प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं के संगम का आनंद ले सकें। करीब 52.50 लाख रुपये की लागत से तैयार यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 95 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। 

Untitled design (26)

इसे आगामी ईको-पर्यटन सत्र में आम पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी है। इस परियोजना के तहत दो किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल विकसित की गई है, जहां पर्यटक घने वन क्षेत्र के बीच पैदल भ्रमण कर सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए परिसर में आधुनिक हाट, स्वच्छ शौचालय, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, भव्य मुख्य प्रवेश द्वार तथा नाले पर ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में दिशा-निर्देश और जागरूकता के लिए साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। 

Untitled design (27)

इन बोर्डों पर विभिन्न वृक्षों और पौधों की प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और पारिस्थितिकी में उनकी भूमिका की जानकारी उपलब्ध होगी। डीएफओ आकाश दीप बधावन ने बताया कि यह ईको-टूरिज्म प्रोजेक्ट प्रकृति संरक्षण और पर्यटन विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां विकसित सुविधाओं के माध्यम से पर्यटक वन क्षेत्र की जैव विविधता को करीब से समझ सकेंगे। 

Untitled design (28)

साथ ही यह परियोजना स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण जागरूकता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके पूरा होने के बाद नियामतपुर ईको-टूरिज्म स्थल बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में प्रकृति आधारित पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने की संभावना है।

 

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा स्टेशन पर हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी संग रहने की जिद में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी तीन बच्चों संग माँ

संबंधित समाचार