Barabanki News : डीएम ईशान प्रताप सिंह सख्त, स्कूली वाहनों की होगी सघन जांच, सड़क सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश
सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, ब्लैक स्पॉट सुधार और स्कूली वाहनों की जांच के आदेश
बाराबंकी में डीएम ईशान प्रताप सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूली वाहनों की सघन जांच, बिना परमिट-फिटनेस वाहनों पर कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट सुधार और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश दिए।
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान समिति की बैठक हुई। बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन पर विस्तृत समीक्षा की गई।
विद्यालय यान समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना वैध अभिलेख अथवा सुरक्षा मानकों के विपरीत कोई भी विद्यालय वाहन संचालित न हो।
उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट्स और दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग जैसे सुरक्षा उपाय समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को बंद करने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने तथा एएनपीआर एवं स्पीड कैमरों जैसी तकनीकी प्रणालियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।
बैठक में एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, एआरटीओ अमिताभ राय, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
