गोंडा स्टेशन पर हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी संग रहने की जिद में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी तीन बच्चों संग माँ
9 घंटे बाद एसडीआरएफ ने सुरक्षित उतारा
गोंडा, अमृत विचार। शुक्रवार सुबह गोंडा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ स्टेशन परिसर में लगे करीब 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला प्रेमी के साथ रहने की मांग पर अड़ी रही और करीब नौ घंटे तक टावर पर बैठी रही। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे स्टेशन के एक्सेलेटर के सामने लगे टावर की है। गीता देवी अपने तीन बच्चों को लेकर टावर पर चढ़ गई और प्रेमी राम अकबाल सिंह को बुलाने तथा उसके साथ रहने की मांग करने लगी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कई घंटे तक महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति गंभीर होने पर एसडीआरएफ के चार जवान सुरक्षा उपकरणों के साथ टावर पर चढ़े। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला और उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए लोगों का हुजूम लगा रहा।
नीचे आने के बाद महिला ने आरोप लगाया कि वह पहले भी अपनी मांग को लेकर टावर पर चढ़ चुकी थी। उस समय पुलिस ने उसे आश्वासन दिया था कि राम अकबाल सिंह को बुलाकर उसकी बात कराई जाएगी, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। इसी वजह से वह दोबारा टावर पर चढ़ी।
बयान देने के दौरान महिला ने पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने पर भी अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी। आरपीएफ के सहायक कमांडेंट महेंद्र प्रसाद ने बताया कि महिला शुक्रवार सुबह अपने तीन बच्चों के साथ टावर पर चढ़ गई थी। करीब नौ घंटे के प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला एक व्यक्ति के साथ रहने की मांग कर रही थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
