राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : पुलिस ने अविनाश से की दिन भर पूछताछ, निशानदेही पर ब्रेजा कार बरामद
13 घंटे की पुलिस रिमांड पर था राम मंदिर चढ़ावे में गबन का आरोपी
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला से 13 घंटे तक पुलिस ने पूछताछ की। योग ध्यान केंद्र में तलाशी ली गई, बयान का कई बार क्रॉस चेक किया गया और प्रतापगढ़ स्थित पैतृक घर पर भी छापा पड़ा।
अयोध्या, अमृत विचार। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अविनाश शुक्ला को जेल से सुबह करीब नौ से रात 10 बजे तक 13 घंटे की रिमांड पर लिया। उसका पुलिस लाइंस में मेडिकल कराया व इसके बाद दिन भर पूछताछ की। यहां पर मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। साथ ही पुष्पराज चौराहे से जीआईसी ओवरब्रिज जाने वाले मार्ग को भी बंद किया था। शाम करीब 4:15 बजे पुलिस उसे लेकर कौशलपुरी स्थित योग ध्यान केंद्र गई। करीब 10 मिनट के बाद उसे लेकर चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित एक घर पर गई, यहां उसकी निशानदेही पर एक मारुति ब्रेजा (UP42AP6054) बरामद की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर गाड़ी का इस्तेमाल पैसे ले जाने के लिए किया था। यह कार उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम रजिस्टर्ड है। रिमांड के दौरान आरोपी अविनाश शुक्ला ने कई अहम राज खोले हैं। बताया जा रहा है कि जहां से कार बरामद की गयीं, वहीं पर चोरी के बाद सभी आरोपी इकट्ठा होकर रकम और कीमती सामान का बंटवारा करते थे। यह भी बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने कुछ और लोगों के इसमें शामिल होने की बात बताई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने उसे ऑफीसर्स मेस में रखा। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उससे गबन की रकम का प्रयोग कहां व कैसे करने की बात प्रमुख रही। सूत्रों के अनुसार उसके बयान को कई बार क्रॉस चेक किया गया। पूछताछ में पहले विवेचक ने, उसके बाद एसओजी, खुफिया एजेंसियां ने उससे यही सवाल किए। पूछताछ की वीडियोग्राफी भी कराई गई। बताया जा रहा इस दौरान उसे खाना-पानी आदि भी दिया गया।
योग केंद्र और अन्य ठिकानों पर छानबीन
इसके बाद शाम करीब चार बजे पुलिस उसे पुलिस लाइंस से भारी सुरक्षा के बीच अपने साथ कौशलपुरी स्थित योग ध्यान केंद्र पर ले गई। वह यही पर अपने भाई आशुतोष के साथ रहता था। इस दौरान अविनाश ने अपना मुंह गमछे से ढका हुआ था। यहां चैनल पर लगे ताले को अविनाश ने ही खोला, उसके बाद पुलिस सीढियों से चढ़कर प्रथम तल पर गई। पुलिस ने दोबारा वहां मौजूद कुछ बॉक्सों को खंगाला। यहां से कुछ खास हासिल नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस उसके द्वारा चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर बताए गए एक घर पर अपने साथ ले गई। वहीं जानकारी के अनुसार अयोध्या पुलिस ने गुरुवार शाम उसके प्रतापगढ़ स्थित पैतृक आवास पर छापा मारा था।
