लखनऊ : जैविक उम्र की रिपोर्ट के बाद मिलेगा स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश, सीएमओ की रिपोर्ट का इंतजार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ,अमृत विचार : प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। फिटनेस, खेल कौशल और तकनीकी परीक्षण में सफल खिलाड़ियों के चयन के बाद अब उनकी जैविक उम्र (बायोलॉजिकल एज) की जांच कराई गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से रिपोर्ट मिलने के बाद ही पात्र खिलाड़ियों को अंतिम रूप से प्रवेश दिया जाएगा।

स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, सैफई समेत प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों के लिए चयनित खिलाड़ियों की बायोलॉजिकल एज की जांच पूरी हो चुकी है। सीएमओ कार्यालय से अगले तीन दिनों में रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि खिलाड़ी संबंधित खेल और आयु वर्ग के निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

प्रशासन का कहना है कि कई मामलों में आयु प्रमाणपत्र में कम उम्र दर्शाने की कोशिश की जाती है, लेकिन जैविक जांच से खिलाड़ी की वास्तविक उम्र का पता चल जाता है। ऐसे में निर्धारित सीमा से अधिक जैविक उम्र पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद पात्र खिलाड़ियों को मोबाइल संदेश और फोन कॉल के जरिए सूचना देकर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बुलाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहेगी।

गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि खिलाड़ियों की उम्र की जैविक जांच कराई गई है। सीएमओ कार्यालय से रिपोर्ट मिलते ही पात्र खिलाड़ियों के दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

संबंधित समाचार