Barabanki News : रामनगर में प्राइमरी स्कूल और पंचायत भवन में चोरी, स्मार्ट टीवी-टैबलेट समेत लाखों का सामान ले उड़े चोर
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में इस समय चोरों पौ बारह है। प्राइमरी स्कूल व पंचायत भवन पर धावा बोलकर चोर यहां से लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए। घटना की खबर लगने पर जिम्मेदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
थाना क्षेत्र के सोंधवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार तिवारी की तहरीर के अनुसार चोर विद्यालय में रखे स्मार्ट टैबलेट व चार्जर, स्मार्ट टीवी, प्रिंटर, इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, भट्टी, भगोने, तसला तथा मध्याह्न भोजन योजना के लिए रखा चावल, आटा और अरहर की दाल चोरी कर ले गए। जाते समय बदमाशों ने विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए, जिससे उनके सुराग मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना क्षेत्र के ग्राम दलसराय पंचायत भवन में बुधवार रात चोरों ने मुख्य गेट का ताला काटा।
इसके बाद वे अंदर घुसे और हॉल में रखे तीन इनवर्टर बैटरा व एलसीडी मशीन लेकर फरार हो गए।सुबह जब पंचायत सहायक रोली पंचायत भवन खोलने पहुंचीं, तो उन्होंने ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर उन्हें पता चला कि उपरोक्त सामान गायब है। रोली ने तत्काल रामनगर थाने में घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर हल्का दरोगा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उप निरीक्षक राज किशोर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
