Gonda News: कूड़ा फेंकने पर बवाल, लाठी-डंडों से हिंसक झड़प; छोटे-छोटे बच्चों ने भी जमकर बरसाए डंडे, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

छपिया (गोंडा), अमृत विचार। थाना छपिया क्षेत्र के मेहनिया गांव में कूड़ा फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान पुरुषों के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी एक-दूसरे पर हमला किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से रिजवान, असलम, रुस्तम और खुशबू निशा घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से अल्तारखा, सद्दाम और जुबेर समेत कुल पांच लोग जख्मी बताए गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना छपिया पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद न हो।

यह भी पढ़ेंः गोंडा : स्टेशन यार्ड में टॉवर वैगन से कॉपर केबल काटता युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, 6 केबल बरामद

संबंधित समाचार