Pilibhit Encounter: व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर मुठभेड़ में ढेर, एसओ की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
पीलीभीत: बहुचर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को शनिवार रात बड़ी सफलता मिली। बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में मामले का मुख्य आरोपी और कथित शूटर सरबजीत सिंह मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा धंसी, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही घायल हो गए। घटना के दौरान दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाया।
28 मई को बिलसंडा कस्बे में व्यापारी पंकज कटियार को धमकाने पहुंचे बदमाशों का विवाद हो गया था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी व्यापारी पप्पू गुप्ता को गोली मार दी गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था।
हत्याकांड के बाद पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन चौकी प्रभारी, दो सिपाहियों और तत्कालीन थानाध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सूचना मिलने पर बिलसंडा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने शीतलपुर गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सरबजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में हायर सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक सरबजीत सिंह लखीमपुर खीरी जिले के उचकिया गांव का निवासी था और 28 मई को हुए व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा है।
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित पीलीभीत दौरे से दो दिन पहले हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
