गोंडा में लव मैरिज बनी हत्या की वजह! युवक का गला रेतकर कत्ल, पत्नी के भाई पर केस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गिरफ्तारी को चार टीमें सक्रिय

गोंडा, अमृत विचार। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद ने एक युवक की हत्या का रूप ले लिया। दुर्जनपुर घाट ग्राम पंचायत के चाचापुरवा गांव निवासी 35 वर्षीय आजाद सिंह की शनिवार देर रात चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी के सौतेले भाई संदीप सिंह के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में आजाद सिंह को पड़ा देखा और तत्काल वजीरगंज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ वर्ष पहले आजाद सिंह ने गांव की रहने वाली पिंकी सिंह उर्फ खुशी से प्रेम विवाह किया था। पिंकी, आरोपी संदीप सिंह की सौतेली बहन है। इस विवाह से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आजाद सिंह तथा उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया था। इसके बाद वह अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटी अनामिका के साथ नवाबगंज मंडी में किराये के मकान में रहने लगा, जबकि उसकी मां शीला देवी गांव में रहती थीं। उसका छोटा भाई मोनू सिंह अपने परिवार के साथ अमृतसर में रहता है।

परिजनों के अनुसार, शनिवार रात आजाद सिंह दुर्जनपुर बाजार आया था। वहां कुछ लोगों के साथ शराब पीने के बाद वह मोटरसाइकिल से चिलमपुर गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में संदीप सिंह ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद संदीप ने चाकू से आजाद सिंह के गले और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

वजीरगंज थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ेंः Gonda News: कूड़ा फेंकने पर बवाल, लाठी-डंडों से हिंसक झड़प; छोटे-छोटे बच्चों ने भी जमकर बरसाए डंडे, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार