Barabanki News: सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रक ने वृद्धा को रौंदा, मौके पर मौत, ड्राइवर गिरफ्तार
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के ग्राम लोधपुरवा के निकट रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्धा की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन सहित उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम लोधपुरवा निवासी फूलमती (62) पत्नी पारसनाथ रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। वापस लौटते समय वह रामनगर-बदोसराय मार्ग पर पैदल अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान रामनगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि फूलमती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रामनगर थाने के उपनिरीक्षक शत्रुघ्न तथा कांस्टेबल विजय भान, सुनील चौहान, सुजीत यादव और सूरज यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में पुलिस ने अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद अज्ञात ट्रक व उसके चालक को वाहन समेत पकड़कर हिरासत में ले लिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं वृद्धा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ेंः गोंडा में लव मैरिज बनी हत्या की वजह! युवक का गला रेतकर कत्ल, पत्नी के भाई पर केस
