Mirzapur Accident : खड़े ट्रक से टकराई कार, पति-पत्नी की मौत, दो मासूम सुरक्षित, छह घायल
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास वाराणसी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई।
पुलिस उपाधीक्षक अमर बहादुर ने बताया कि मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र निवासी विकास ताम्रकार (35) अपनी पत्नी सोनम, चार वर्षीय पुत्र शिवांश, दो वर्षीय पुत्र रुद्र और अन्य परिजनों के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर कार से अपने घर लौट रहे थे। कार सतना निवासी हीरालाल चला रहा था।
रविवार तड़के करीब दो बजे लहुरियादह गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बायीं लेन में खड़े ट्रक से कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास ताम्रकार और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे में दोनों मासूम बच्चे शिवांश और रुद्र सुरक्षित बच गए, जबकि चालक हीरालाल सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
