Rampur News : CM योगी के संभावित दौरे से प्रशासन अलर्ट, सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 जून को संभावित रामपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों (एसडीएम), तहसील स्तरीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ), लेखपालों, ग्राम सचिवों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्रिम आदेश तक मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में अवकाश पर चल रहे या मुख्यालय से बाहर मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त माना जाएगा। उन्हें तत्काल मुख्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करना होगा।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण से जुड़ी सभी तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था और सौंपे गए दायित्व पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ पूरे किए जाएं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या आदेशों की अवहेलना पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
