झलकारी बाई अस्पताल में बढ़ेगी मरीजों की सुरक्षा, लगेंगे नाइट ग्लो साइन बोर्ड और बनेंगे इमरजेंसी एग्जिट गेट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

आग या बिजली गुल होने जैसी आपात स्थिति में बिना बैटरी के चमकेंगे साइन बोर्ड, मरीजों और तीमारदारों को दिखाएंगे सुरक्षित निकास का रास्ता

दरख्शां कदीर सिद्दीकी, लखनऊ, अमृत विचार: हजरतगंज वीरांगना झलकारी बाई अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन अब परिसर के भीतर सुरक्षा उपकरणों और पुख्ता इंतजामों को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में अस्पताल में 38 विशेष प्रकार के ''नाइट ग्लो'' साइन बोर्ड यानी एलिमिनेटर लगाने की तैयारी चल रही है, जो किसी भी हादसे के समय मरीजों और तीमारदारों रास्ता दिखाने में मददगार साबित होंगे। इसके साथ अस्पताल में आठ इमरजेंसी फॉयर एक्जिट गेट बनाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए विवरण तैयार कर लिया गया है। जल्द ही अस्पताल में इमरजेंसी गेट बनाने का काम शुरू किया जाएगा।

इन नए साइन बोर्ड्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें किसी भी तरह की बाहरी बिजली या बैटरी की जरूरत नहीं होती। यदि आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति के कारण अस्पताल की बिजली पूरी तरह गुल हो जाती है, तब भी ये बोर्ड घने अंधेरे या धुएं के बीच अपने आप चमकने लगेंगे। इससे तीमारदार और मरीज बिना पैनिक किए ''फायर एग्जिट'' का रास्ता आसानी से देख सकेंगे।

झलकारी बाई अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इन साइन बोर्ड्स के साथ मजबूत स्टील की चेन भी आ रही हैं, ताकि इन्हें दीवारों के साथ-साथ गैलरी के बीचों-बीच छत से भी लटकाया जा सके, जिससे ये दोनों तरफ से साफ दिखाई दें। ये साइन बोर्ड हर फ्लोर पर वार्डों के अंदर से शुरू होकर करीब 6 से 7 की संख्या में लगाए जाएंगे। इसके अलावा इमरजेंसी में लोगों के इकट्ठा होने वाली जगहों पर भी इन्हें इंस्टॉल किया जा रहा है।

अस्पताल में 8 नए आपातकालीन निकास बनाने की तैयारी

अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए परिसर में कुल 8 इमरजेंसी एग्जिट गेट्स तैयार करने की योजना बनाई है, जिनकी रूपरेखा पूरी तरह तय कर ली गई है

सेकंड फ्लोर: 2 इमरजेंसी एग्जिट गेट बनाए जाएंगे।

फर्स्ट फ्लोर: 3 इमरजेंसी एग्जिट गेट की तैयारी है।

ओटी और लेबर रूम: इन बेहद संवेदनशील इलाकों में 2-2 एग्जिट की व्यवस्था होगी।

यह भी पढ़ेंः QS World University Rankings 2026: SGPGI की बड़ी छलांग, केजीएमयू ने बरकरार रखी साख

संबंधित समाचार