Bareilly News : देहात में अपराधियों पर खाकी अटैक, ताबड़तोड़ एनकाउंटर
आंवला में बदमाशों की पुलिस ने दिन में की घेराबंदी
आंवला, अमृत विचार। आंवला पुलिस ने हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत तीन गंभीर मामलों में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 19 जून को पुरैना बस स्टैड बाला जी धाम कालोनी में रहने वाले कौशल प्रजापति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि संजय यादव और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से उनपर हमला किया और अपहरण करने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। आरोपी संजय यादव पर थाना आंवला में दर्ज हत्या के प्रयास, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमों में वांछित भी चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को थाना आंवला पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कच्चे रास्ते से जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए है। इसके साथ ही मुठभेड़ में हेडकांस्टेबल रवि शंकर भी घायल हो गए। पुलिस जब आरोपी को सीएचसी आंवला लेकर पहुंची तो वहां हैल्थ स्टाफ नदारद मिला। बाद में पुलिस को उसे सीएचसी मझगवां ले जाना पड़ा।
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान संजय यादव नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह तीन मामलों में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पांव में गोली लगी है। संजय यादव पर 13 मामले दर्ज है। इससे पहले भी वह कई बार जेल जा चुका है। -नितिन कुमार, सीओ आंवला।
बहेड़ी में डकैत गिरोह की घेराबंदी, 4 गिरफ्तार
बहेड़ी। चुरैली नहर पर बाइक सवारों से ज़ेवर छीनने की घटना का खुलासा हो गया। बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाशों के पैरों में पुलिस की गोली लगी है। इन बदमाशों के पास से छीना हुआ ज़ेवर बरामद हुआ है। दो बदमाश भागने में सफल रहे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कनमन के चंद्रपाल मुंडिया ससुराल दीन नगर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ उनकी पत्नी और सलहज भी थी। चुरैली नहर के पास कुछ बदमाशों ने उसके गले से चैन और पत्नी व सलहज का मंगलसूत्र लूट लिया लिया था। बहेड़ी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रात में पुलिस टीम को पचपेड़ा चौराहे पर चेकिंग के दौरान दो बाइक पर तीन तीन लोग आते दिखे। पुलिस को देखकर वापस भागने लगे। सूचना पर मुंडिया नबीबक्श में चेकिंग कर रहे इंस्पेक्टर, बहेड़ी ने उस रोड गाड़ी दौड़ा दी। घबराहट में बदमाशों की बाइकें गिर गईं। इससे दो लोग दब गये, जिन्हें दबोच लिया गया। चार आरोपी खेत की तरफ भागे। पीछा करने पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लग गई। दो भाग निकले। सबकी तलाशी में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। लूटे गए कानों के टॉप्स भी मिल गए। पूछताछ में चुरैली नहर पर लूट करना स्वीकारा है। पकड़े गए आरोपी थाना नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। पंडरी निवासी विकास और सौरभ पैर में गोली लगी है। पंडरी के ही ललित और सचिन गिरने से घायल हुए हैं।
