2016 में हुई थी शादी, अब सरकारी शिक्षक पर दूसरी शादी का आरोप; पत्नी ने SP-BSA से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा । उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक सरकारी शिक्षक पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित पत्नी ने पुलिस अधीक्षक (SP) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को शिकायत देकर विभागीय कार्रवाई और जांच की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, तरबगंज क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय केशवपुर में तैनात एक सहायक अध्यापक के खिलाफ उनकी पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला स्वयं भी बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं और वर्तमान में इटावा जिले में तैनात हैं।

2016 में हुई थी शादी

शिकायत में कहा गया है कि दोनों का विवाह वर्ष 2016 में हुआ था। आरोप है कि शिक्षक ने अप्रैल 2026 में फिरोजाबाद जिले की एक युवती से दूसरी शादी कर ली। पत्नी का दावा है कि उसके पास दूसरी शादी से जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं।

विरोध करने पर अभद्रता और धमकी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया और स्वयं को विधिक रूप से पत्नी बताते हुए सवाल उठाया, तो शिक्षक ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि या तो अलग हो जाओ या फिर दोनों एक साथ रहो।

SP और BSA से कार्रवाई की मांग

महिला ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि उसका पति सरकारी शिक्षक है। ऐसे में पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना सेवा नियमों के तहत गंभीर मामला हो सकता है। उसने विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

BSA ने क्या कहा?

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। पीड़िता से दूसरी शादी से संबंधित साक्ष्य मांगे गए हैं। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले गोंडा में उठी मांग, महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली कोंडर को मिले 'राष्ट्रीय योग तीर्थ' का दर्जा

संबंधित समाचार