Gonda News: सदर तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, फाइलों की गहन जांच से मचा हड़कंप, लंबित मामलों पर सख्त रुख

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राजस्व मामलों में तेजी लाने का निर्देश

गोंडा/अमृत विचार: सदर तहसील में सोमवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन औचक निरीक्षण पर पहुंचीं। अचानक हुए निरीक्षण से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। डीएम ने सीधे तहसीलदार सदर न्यायालय का रुख किया और लंबित राजस्व मामलों से जुड़ी फाइलों की एक-एक कर गहन पड़ताल शुरू कर दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायिक अभिलेखों, वाद रजिस्टर और लंबित प्रकरणों की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए कि सभी मामलों की सुनवाई पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के तहत की जाए।

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को मिले अपनी बात रखने का पूरा मौका

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए हर स्तर पर कार्यप्रणाली में तेजी लाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिले और प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाया जाए। डीएम ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता और संवेदनशीलता से ही जनता का भरोसा मजबूत होता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित मामलों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही राजस्व मामलों के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, तहसीलदार सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार चंदन जायसवाल सहित अधिवक्ता और फरियादी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार