Lucknow News : होटल नोवोटेल की पार्किंग में बेकरी व स्टॉफ क्वॉर्टर, प्रबंधन को LDA ने थमाया नोटिस
एलडीए-अग्निशमन विभाग ने की नापजोख, होटल एसएस गैंड का सेटबैक तोड़ा, मानचित्र तलब
दिल्ली के एक होटल में आग की घटना को लेकर सक्रिय हुए एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की तो गोमती नगर के होटल नोवोटेल में पार्किंग की जगह बेकरी, लॉन्ड्री व स्टॉफ क्वॉर्टर बने मिले।
लखनऊ, अमृत विचार : दिल्ली के एक होटल में आग की घटना को लेकर सक्रिय हुए एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की तो गोमती नगर के होटल नोवोटेल में पार्किंग की जगह बेकरी, लॉन्ड्री व स्टॉफ क्वॉर्टर बने मिले। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण और संचालन करने पर प्रबंधक को नोटिस जारी किया। वहीं, कुर्सी रोड स्थित होटल एसएस ग्रैंड का सेटबैक ध्वस्त करने के साथ होटलों के मानचित्र तलब किए।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर सोमवार को सभी जोन में निकलीं संयुक्त टीमों ने शहर के बहुमंजिला भवन, विभिन्न होटल, बैन्क्वेट हॉल एवं रेस़्त्रां में छापेमारी। फीता से नापजोख करके स्वीकृत मानचित्र से मिलान किया तो गड़बड़ियां पाईं। परिसर में लगे अग्निशमन यंत्रों में कमियां मिली।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी व एफएसओ मामचन्द्र बड़गूजर के नेतृत्व में टीम ने विराज खंड स्थित होटल नोवोटेल व होटल लीनेज समेत अन्य होटलों में जांच की। होटल नोवोटेल में भवन की ऊंचाई व सेटबैक तय मानकों के मुताबिक मिले। लेकिन, स्वीकृत मानचित्र में होटल के लोअर बेसमेंट में जिस जगह 15 वाहनों की पार्किंग दर्शायी गई थी, वहां बेकरी, लॉन्ड्री व स्टॉफ के लिए कमरे बने थे। इस पर होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा, प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पांडेय के नेतृत्व में टीम ने गुड़म्बा में कुर्सी रोड स्थित होटल एसएस ग्रैंड, आराधना इन, होटल जीआरपी समेत सात प्रतिष्ठानों में जांच की। होटल एसएस गैंड में सेटबैक में अवैध निर्माण मिलने पर ध्वस्त किया। इसके अलावा पांच होटलों के स्वीकृत मानचित्र तलब किए। इसी तरह प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने टीम के साथ गोमती नगर विस्तार स्थित होटल-मर्करी व सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल कम्फर्ट विस्ता एवं होटल सेंट्रम में जांच की और कमियां मिलने पर चिह्नित करके कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की।
होटल मंगलम पर होगी कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने हरदोई रोड स्थित होटल मंगलम पैलेस की जांच की। जहां मानचित्र के विपरीत उपयोग व निर्माण मिलने पर कार्रवाई के लिए चिह्नित किया। इसी तरह आईआईएम रोड स्थित होटल एसडी पैलेस, होटल आरके ग्रैंड, नेशनल पैलेस व सीतापुर रोड स्थित होटल रेवांता में जांच की गयी। इनसे स्वीकृत मानचित्र सम्बंधी दस्तावेज मांगे गये हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि टीम बनाकर जांच करा रहे हैं। कमियां मिलने पर सभी को चिह्नित करके कार्रवाई करेंगे।
