Uttrakhand News: कार पर काली फिल्म लगाकर घूमने आए नैनीताल, सैलानियों का हो गया चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगाकर घूम रहे पर्यटकों पर सोमवार को यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। मॉल रोड पर चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो वाहनों को रोककर उनके शीशों से काली फिल्म हटवाई तथा चालानी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस की टीम मॉल रोड पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान यूपी 14 जीई 6562 और आरजे 59 यूबी 9002 नंबर के वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी पाई गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, हालांकि चालक पहले वाहन नहीं रोक सके और आगे जाकर उन्हें रोका गया। पुलिस के अनुसार वाहन चालकों ने कार्रवाई का विरोध किया और शीशों से काली फिल्म हटाने से इनकार भी किया।

 जिसके बाद उन्हें नियमों की जानकारी देकर कार्रवाई की गई तथा दोनों वाहनों के शीशों से काली फिल्म हटवाई गई। टीएसआई हरीश फर्त्याल ने बताया कि गाजियाबाद निवासी सुमित सक्सेना और जयपुर निवासी दिलीप कुमार के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर प्रतिबंधित काली फिल्म के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज