उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, चारधाम यात्रा स्थगित; तीन लोगों की मौत, कई मार्ग प्रभावित
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। वहीं, बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग और पशु घायल हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने कहा है कि जब तक यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाते और मौसम सामान्य नहीं होता, तब तक श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। साथ ही, यात्रियों और आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए नियमित रूप से आधिकारिक सूचनाएं जारी करने को कहा गया है, ताकि अफवाहों से बचा जा सके।
बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जगहों पर नुकसान
राज्य में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बारिश, भूस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं में कई घटनाएं सामने आई हैं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रविवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल चल रहे व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, चमोली जिले के नारायणबगड़ बाजार में बारिश के कारण 6-7 दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है और मलबा हटाने का काम जारी है। चमोली के कुहेड़ क्षेत्र में गौशाला के ऊपर बोल्डर गिरने से कुछ पशुओं के दबने की सूचना मिली है। राहत कार्य के लिए राजस्व विभाग और डीडीआरएफ की टीम मौके पर भेजी गई है।
सड़क हादसों में भी गई जान
पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में एक आवासीय भवन में पत्थर घुसने की घटना सामने आई, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, धारचूला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 52 वर्षीय दीवान सिंह की मौत हो गई।
टिहरी गढ़वाल में लम्बगांव मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक होशियार सिंह की मौत हो गई। ऋषिकेश-कीर्तिनगर मार्ग पर पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई, जिसमें एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बचाया गया। चम्पावत के टनकपुर क्षेत्र में एनएच-09 पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि तीन अन्य सुरक्षित रहे। वहीं, रुद्रप्रयाग में पिकअप वाहन के खाई में गिरने से तीन लोग घायल हुए और एक भैंस की मौत हो गई।
अगले कई दिनों तक बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए धैर्य बनाए रखें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
